बहजोई। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर डीएम ने कलक्ट्रेट सभागार में बैठक कर डीएम ने अफसरों को दिशा-निर्देश दिए। इस बीच डीएम ने योगाभ्यास समेत विभिन्न आयोजनों की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की। इस बीच डीएम की ओर से नगर पालिका परिषदों व नगर पंचायतों समेत ग्राम पंचायतों को योग दिवस से लोगों को जोड़ने का लक्ष्य भी दिया।
मंगलवार को शाम आयोजित की गई बैठक में डीएम मनीष बंसल ने कहा कि जिले मेें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर 14 जून से 21 जून 2022 तक जिले में विभिन्न स्थलों पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसको लेकर अभी से तैयारियां प्रारंभ कर दी जाएं। विभिन्न विभागों से समन्वय बनाकर कार्ययोजना तैयार करें, जिससे जिले में होने वाले योगाभ्यास से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जा सके। डीएम ने कहा कि योग दिवस के दिन जिला मुख्यालय समेत तहसील, ब्लॉक व ग्राम पंचायत तथा महत्वपूर्ण स्थलों पर योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसमें वरिष्ठ नागरिकों समेत स्कूल, कालेज व औद्योगिक संगठनों आदि के युवक-युवतियों को भी प्रतिभाग कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिले में तीन लाख लोगों को योग से जोड़ना है। इनकी उपस्थिति रजिस्टर में भी दर्ज की जाए। जिले की सभी ग्राम पंचायतों से भी लोगों को योग से जोड़ा जाए। ऐसे स्थान भी चिंहित किए जाएं, जहां अधिक से अधिक लोग एकत्र होकर योग कर सकें। प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम 250 लोगों को 7 दिन के लिए योग करने के लिए जोड़ा जाए। योग की बेसिक क्रियाओं की वीडियो तैयार कर लोगों को दिखाई जाए, जिससे कि लोग योग के प्रति जागरूक हो सकें। इस बीच डीएम ने प्रत्येक नगर पंचायत से 500 लोगों तथा नगर पालिका परिषद से 2 हजार लोगों को सप्ताह भर में योग से जोड़ने के लिए कहा। सीडीओ उमेश कुमार त्यागी समेत एडीएम कमलेश कुमार अवस्थी, सीओ बहजोई गोपाल सिंह व पीडी रमेश चंद्र आदि मौजूद रहे।