धनारी। थाना क्षेत्र के गांव कीरतपुर में बेटी की शादी के लिए भूसे में छुपा कर रखी नकदी व कमरे में रखे जेवर को चोर चोरी कर ले गए। पीड़ित किसान बीमार पत्नी के साथ अस्पताल में था। सुबह चोरी की घटना का पता चला। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है।
थाना क्षेत्र के कीरतपुर निवासी हरिओम सिंह ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि उसने अपनी पुत्री के विवाह के लिए तीन लाख 43 हजार रुपये एकत्र किए थे। उसने नकदी को भूसे में छिपाकर रख दिया था। 23 अगस्त को पत्नी बीमार हो गई, तो उसे उपचार के लिए सुल्तानगढ़ ले गया। जहां चिकित्सक ने पत्नी को भर्ती कर लिया।
घर पर 17 वर्षीय पुत्री व छोटे बच्चे रह गए। उसी दिन पुत्री व बच्चे शाम को भोजन करने के बाद कमरा बंद कर सो गए। अगले दिन सुबह देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। पुत्री ने घटना की जानकारी दी। घर में जाकर देखा, तो भूसे में छुपाई गई तीन लाख 43 हजार रुपये नकदी गायब थी। चोर घर से नकदी सहित अन्य सामान चुरा ले कर ले गए। घटना की तहरीर थाने में दी गई है।