छात्र संघ चुनाव कराने को सपा छात्रसभा जिलाध्यक्ष व प्राचार्य में हुई नोक-झोंक
छात्रों ने ज्ञापन सौंपकर दी आंदोलन और भूख हड़ताल करने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंदौसी सोमवार को एसएम कॉलेज के छात्रों ने सपा छात्र सभा के पदाधिकारियों के साथ महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव कराने की मांग को लेकर प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने के उपरांत छात्र सभा के पदाधिकारियों व प्राचार्य के बीच चुनाव को लेकर काफी नोक-झोंक भी हुई। छात्रों ने प्राचार्य को चुनाव न कराने की स्थिति पर भूख हड़ताल करने की धमकी दी।
ज्ञापन में कहा कि पिछले कई वर्षों से महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव होते चले आ रहे हैं, लेकिन पिछले वर्ष से महाविद्यालय चुनाव न कराने का मन बना चुका है। जिस तरह लोकतंत्र में जनता का जनप्रतिनिधि होना आवश्यक है। ठीक उसी प्रकार छात्रों का प्रतिनिधि होना भी आवश्यक है। महाविद्यालय में छात्र हित में शीघ्र ही तिथि घोषित करने उपरांत चुनाव कराए जाएं। चुनाव न होने पर छात्र आंदोलन व भूख हड़ताल करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन देने के बाद छात्र सभा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव व महाविद्यालय के प्राचार्य डा. हेमंत कुमार के बीच छात्र चुनाव को लेकर नोक-झोंक भी हुई। इस दौरान केके यादव, चंद्रकेश यादव, विजय यादव, गौरव रावत, रजत यादव, जितेंद्र कुमार, शोभित कुमार, विष्णु यादव, राजपाल, योगेश, रोहित, प्रयांशु, अमन, गोविंद कुमार, अनुज कुमार, प्रिंस कुमार, शिवम आदि मौजूद रहे।