जुनावई। गुन्नौर क्षेत्र के गांव गुन्नौर हीरापुर में 18 वर्षीय युवक को सांप ने डंस लिया। परिजन युवक को निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराने पहुंचे। चिकित्सक ने युवक को देखते ही मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने झाड़फूंक करने वालों को बुलाया लेकिन उनके जवाब देने पर परिवार में कोहराम मच गया।
गांव गुन्नौर हीरापुर निवासी बादाम सिंह के 18 वर्षीय पुत्र भुल्लन सिंह दस बजे खेत पर पशुओं को चारा काटने गया था। खेत पर चारा काटते समय उसे जहरीले सांप ने डस लिया। युवक चारा खेत पर छोड़ घर की ओर दौड़ पड़ा और घर पहुंच परिजनों को जानकारी दी।
परिजन उसे लेकर गुन्नौर के निजी चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे। मगर चिकित्सक ने युवक को देखते ही मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने झाड़फूंक वालों को बुलाकर युवक का उपचार कराने का प्रयास किया। मगर झाड़फूंक वालों ने भी युवक के मृत होने की बात कही। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।