थाना क्षेत्र के गांव में रात के समय लापता हुई युवती बृहस्पतिवार को नलकूप के पास बेहोशी की हालत में मिली। परिजनों का आरोप है कि गांव के युवक पर युवती को बहला फुसलाकर ले जाने और जहरीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। परिजन पुलिस के साथ युवती को सीएचसी लेकर पहुंचे।
थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव निवासी युवती बुधवार की शाम दादी व बहनों के साथ घर पर सोई थी। माता-पिता रिश्तेदारी में गए थे। रात के समय युवती लापता हो गई। बृहस्पतिवार की सुबह दादी उठी, तो युवती नहीं थी। दादी ने फोन से अपने बेटे व बहू को सूचना दी तथा उसकी तलाश में लग गई। सुबह करीब 11 बजे युवती परिजनों को गांव के पास ही नलकूप पर बेहोशी की हालत में मिली। परिजन व अन्य ग्रामीण युवती को बेहोशी की हालत में थाने लेकर पहुंचे। पुलिस ने वहां से युवती को उपचार के लिए सीएचसी भेज दिया। सीएचसी में चिकित्सकों ने युवती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन वहां से उसे निजी अस्पताल ले गए। युवती के पिता का आरोप है कि गांव का ही एक युवक उसे बहला फुसलाकर ले गया। रात में उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद जहरीला पदार्थ देकर नलकूप पर छोड़ गया। अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
युवती का मेडिकल कराया गया है। वह अभी बेहोशी की हालत में है। परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। युवती के होश में आने पर ही सही घटना का पता चल पाएगा।
राजेश पांडे, थानाध्यक्ष कुढ़फतेहगढ़।