संभल। सिंचाई विभाग की समीक्षा बैठक में सीडीओ को 46 नलकूप खराब मिले। इस पर सीडीओ की ओर से विभाग को समय रहते खराब नलकूपों को ठीक कराए जाने को लेकर सख्ती की गई।
मंगलवार को सुबह 11 बजे करीब कलक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी उमेश कुमार त्यागी ने सिंचाई विभाग की बैठक की। इसमें नलकूप से जुड़ी समस्याओं पर फोकस किया गया। सीडीओ के मुताबिक बैठक में सामने आया कि जिले के 46 नलकूप खराब हैं। इसको लेकर सीडीओ की ओर से यांत्रिक व विद्युत दोनों ही समस्याओं से खराब हुए इन नलकूपों को जल्द से जल्द ठीक कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इसके अलावा नहर निर्माण को लेकर भी बातचीत की गई। इसमें सामने आया कि नहर की पुलिया में खराब ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है। इसको लेकर चेताया गया, वहीं किसानों की फसलों की सिंचाई को लेकर भी जर्जर तार ठीक कराए जाने तथा लाइन लॉस को लेकर भी गंभीरता दिखाए जाने की बात कही।