संभल। मोहर्रम को लेकर जिलाधिकारी ने गाइडलाइन जारी की है। इसमें शासनादेश के अनुसार ही आयोजन करने के लिए कहा है। जिससे शांति व्यवस्था बनी रहे और कोरोना से बचाव की गाइडलाइन का पालन हो सके। मंगलवार को जारी की गई गाइडलाइन में जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कहा है कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए मोहर्रम का जुलूस नहीं निकाला जाएगा। घरों में ताजिएदारी करने पर कोई रोक नहीं रहेगी। किसी भी धार्मिक स्थल पर भीड़भाड़ नहीं रहेगी।
प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। सभी सार्वजनिक स्थल बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन व संवेदनशील स्थानों पर पुलिस द्वारा चेकिंग की जाएगी। असामाजिक तत्वों द्वारा अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए। और अफवाह फैलाने पर कार्रवाई की जाए। अवैध शस्त्र लेकर घूमने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे व ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाए। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट के बारे में तत्काल कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। जिम्मेदार लोगों से संवाद कर शांति बनाए रखने की अपील की जाए।