संभल। नशे के आदि युवक ने अपनी मां और भाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया और मौके से भाग गया। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल भर्ती कराया। पुलिस ने तहरीर के रिपोर्ट कर ली है। घायलों ने बताया कि युवक नशे के लिए रुपये मांग रहा था। रुपये नहीं देने पर वह हमलावर हो गया।
शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे मोहल्ला हिलाली सराय निवासी तबस्सुम पत्नी रईस अपने घर में घरेलू काम कर रही थीं। इसी दौरान उनका बेटा जुनैद आया और रुपये मांगने लगा। जब उसकी मां ने रुपये देने से मना कर दिया तो उसने गुस्से में आकर अपनी मां पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया। चाकू तबस्सुम के माथे पर लगा। चीख पुकार होने पर तबस्सुम का दूसरा बेटा शाहजेब मौके पर पहुंच गया। उसने रोकने का प्रयास किया तो जुनैद ने उसके गले पर चाकू मार दिया। जिससे वह भी जख्मी हो गया है।
मां-बेटे को घायल कर आरोपी मौके से भाग गया। चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। तबस्सुम ने बताया कि उनका बेटा जुनैद नशे का आदि है। नशा करने के लिए ही रुपयों की मांग करता है। रुपये नहीं देने पर विवाद करता है। शुक्रवार को भी रुपये नहीं देने पर ही चाकू से हमला किया। नखासा थाना इंस्पेक्टर ओमकार सिंह ने बताया कि मारपीट हुई थी। धक्का-मुक्की के दौरान मां को चोट लगी थी। इसकी तहरीर मिली थी। जिसके आधार पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है।