संभल। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व शहर में कई सामाजिक संगठनों ने तिरंगा बांटकर शहरवासियों से राष्ट्रीय पर्व शांतिपूर्ण तरीक से मनाने की अपील की। साथ ही अपने मकानों, दुकानों व कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लगाने का आह्वान किया।
शुक्रवार को नगर के शंकर चौराहे पर सपा के जिला सचिव सईद अख्तर इसराईली के नेतृत्व में कार्यकर्ता एकत्र हुए। जहां उन्होंने राहगीरों को तिरंगा झंडे वितरित कर धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस मनाने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि 15 अगस्त को हम आजादी के रूप मेें मनाते हैं। भारत की आजादी के लिए देश के वीरों ने अपना बलिदान दिया। इसलिए इस दिन हम देश के शहीदों को भी याद करते हैं।
इसी क्रम में सपा कार्यकर्ताओं ने आने जाने वाले लोगों को तिरंगा झंडा बांटकर अपने मकानों, दुकानों, कार्यालयों व वाहनों पर तिरंगा झंडा लगाने की अपील की है। इस दौरान डॉ. मुस्तकीम, डॉ. मुस्तफा, अजीम सैफी, शाने आलम, विकास, नौमान आलम, गुलफाम, जियाउर्रहमान, इरशाद, मोहम्मद आलम, वसीम खां, मुनीब खां, बिट्टू वारसी आदि मौजूद रहे।
वहीं शंकर चौराहे पर मोहम्मद मुस्तफा मैमोरियल एजुकेशनल वेलफेयर सोसायटी केे तत्वाधान में सदस्यों ने सोसायटी के अध्यक्ष मोहम्मद दिलशाद के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस से पूर्व लोगों में देश प्रेम की अलख जगाने के लिए तिरंगा झंडे का वितरण किया। साथ ही आने-जाने वाले लोगों को तिरंगा झंडा व मास्क का वितरण कर स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। इस मौके पर हाफिज तंजीम, मेराज, दिलशाद, समीर वाहिद, हाजी नाजिश, फरजंद अली वारसी, नावेद, मो. जैद, फरमान, मो. वकील, नोशाद, शाकिब आदि रहे।
सरायतरीन में ह्यूमन केयर चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक नाजिश नसीर खान के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने लोगों को तिरंगा व टोपियां बांटकर देशभक्ति का संदेश दिया। कहा कि स्वतंत्रता दिवस युवाओं में देश प्रेम की भावना बढ़ाने व देश के लिए बलिदान करने के लिए प्रेरित करता है। यह दिन भारतीय आवाम के लिए बहुत खुशी और गर्व का दिन होता है। इस राष्ट्रीय पर्व को सभी धर्मों के लोग बिना किसी भेदभाव के हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं। इस अवसर पर मो. जुबेर, रिजवान खान, जैन, नाजिर खान, नाजिश मियां, समर आदि मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस पर गूजेंगे देशभक्ति के तराने
बहजोई। स्वतंत्रता दिवस पर नगर में लाउड स्पीकर पर देेशभक्ति के तराने गूजेंगे। इसके लिए नगर पालिका परिषद की ओर से नगर में लाउड स्पीकर लगवाए जा रहे हैं। यह जानकारी देते हुए पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र बादशाह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर नगर के मुख्य मार्गों पर लगे पोलों पर लाउड-स्पीकर लगवाए जा रहे हैं। इनसे 15 अगस्त के दिन देशभक्ति के गीतों के स्वर निकलेंगे। अधिशासी अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर नगर में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिससे कि नगर के गली-मोहल्लों का वातावरण स्वच्छ रहेगा। साथ ही पालिका भवन पर विद्युत उपकरणों की रोशनी कराई जाएगी। संवाद