गंगा में डूबे दो बच्चे, एक की मौत
- फोटो : अमर उजाला (फाइल फोटो)
रजपुरा थाना क्षेत्र के हरि बाबा बांध धाम गंगा घाट पर नहाते समय कक्षा तीन के दो छात्र गहरे पानी में बह गए। छात्रों को डूबता देख स्थानीय ग्रामीणों ने एक छात्र को निकाल लिया। जबकि दूसरा छात्र गहरे पानी में लापता हो गया। कुछ देर की तलाश के दौरान लापता छात्र मिल गया। उपचार को ले जाते समय छात्र की मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के गांव केसरपुर निवासी योगेश और उनकी पत्नी चंद्रवती बुधवार की सुबह नौ बजे के करीब हरि बाबा बांध धाम के जंगल में उपलों की बुर्जी बनाने के लिए कांसी काटने गए थे। उसी समय ट्रैक्टर-ट्रॉली पर उनका 10 वर्षीय बेटा अमलेश और छोटे भाई धर्मवीर का 11 वर्षीय बेटा हरबल ट्रैक्टर ट्रॉली में बैठ कर साथ चले गए। गंगा किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर दंपति कांसी काटने लगे।
इसी दौरान साथ गए दोनों चचेरे-तहेरे भाई गंगा में नहाने लगे और नहाते समय गहरे पानी में बह गए। वहां पहले से स्नान कर रहे कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने अमलेश को करीब दस मिनट में ही पानी से बाहर निकाल लिया लेकिन हरबल गहरे पानी में लापता हो गया। कुछ देर के बाद हरल भी मिल गया। छात्र की सांसे चलती लगी तो ग्रामीण उपचार को लेकर दौड़े लेकिन उपचार मिलने से पहले छात्र की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कुलदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आला अधिकारियों को सूचना दी। गुन्नौर के उप जिलाधिकारी रामकेश धामा और सीओ देवेंद्र कुमार शर्मा ने भी घटना की जानकारी पीड़ित परिजनों से ली है।