संभल। निर्वस्त्र शव की पहचान संभल कोतवाली इलाके के मोहल्ला देहली दरवाजा निवासी इकबाल की बेटी नाजमीन उर्फ गब्बर (25) के रूप में हुई है।
युवती का शव गुरुवार की दोपहर नखासा थाना क्षेत्र के गांव चंदावली में संभल-हसनपुर मार्ग किनारे बोरे में बंद मिला था। परिजन शव देखकर बिलख पड़े। परिजनों के अनुसार युवती 29 दिसंबर से लापता थी। अक्सर दस दस दिन बाहर रहती थी इसलिए परिजनों ने तलाश नहीं किया। शव मिलने के बाद पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस घटना के खुलासे के लिए छानबीन कर रही है।
युवती के बड़े भाई जलाल ने बताया कि उनकी बहन की पांच वर्ष पहले शादी की थी लेकिन कुछ ही दिनों में पति से अलग हो गई थी। तब से घर पर ही रहती थी। अक्सर मजदूरी के लिए बाहर जाती रहती थी। 29 दिसंबर को हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन अंतर्गत मोहल्ला भूड़ा निवासी सायरा के घर मां नसीमा के साथ गई थी। वहां किसी का फोन आया था और मां से कुछ देर में आने की बात कहकर चली गई थी। बताया कि उसी दिन से फोन नंबर बंद आ रहा था। अब शव मिला है। बताया कि वह चार भाई और पांच बहनें हैं। नाजमीन उर्फ गब्बर तीसरे नंबर की थी। पीड़ित परिजनों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है।