संभल। संभल ब्लाक की प्रमुख सुषमा चौधरी ने भाजपा का दामन थाम लिया है। शुक्रवार को भाजपा के जिला कार्यालय पर सुषमा सहित कई समर्थकों को जिला प्रभारी राजा वर्मा और जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कराई।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान सपा का समर्थन पाकर चुनाव मैदान में उतरीं सुषमा चौधरी 93 वोट हासिल कर अपने प्रतिद्वंद्वी को 47 वोटों से हराकर ब्लाक प्रमुख बनी थी। सुषमा चौधरी के भाजपा में शामिल होने की अटकलें उस समय तेज हो गई थीं, जब उन्होंने मुरादाबाद-बिजनौर में एमएलसी पद के लिए भाजपा के प्रत्याशी सत्यपाल सिंह सैनी के पक्ष में क्षेत्र पंचायत सदस्यों से मतदान कराया था। जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी ने बताया कि ब्लाक प्रमुख सुषमा चौधरी सहित कई अन्य समर्थकों ने भाजपा की सदस्यता ली है। इसमें कपिल कुमार, कुलदीप चाहल उर्फ पिंकू शामिल रहे। इस दौरान विपिन गुप्ता, कमल कुमार कमल, विरलेश यादव आदि रहे।