संभल। आउटसोर्सिंग बिजली कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर बिजलीघर पर धरना दिया। अधीक्षण अभियंता को संबोधित ज्ञापन अधिशासी अभियंता को सौंपा। इसमें समायोजन की मांग उठाई है। संविदा बिजली कर्मियों का कहना है कि साल 2016 में लखनऊ में अधिकार दिलाओ रैली के दौरान आउटसोर्स कर्मचारियों की लिस्ट बनाकर समायोजित करने का भरोसा दिया था लेकिन अभी तक समायोजन नहीं हो सका।
गुरुवार को बिजलीघर पर आउटसोर्सिंग के कर्मचारी उत्तर प्रदेश पावर कॉरर्पोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले बिजलीघर पर एकत्र हुए। नारेबाजी कर धरना प्रदर्शन किया। धरने के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ठेकेदारी प्रथा बंद की जाए और आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्य कर रहे कर्मचारियों को विभागीय नीति के अनुसार समायोजित किया जाए।
समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए। आउटसोर्स कर्मचारियों की न्यूनतम मजदूरी 18 हजार रुपये निर्धारित की जाए। नौ सितंबर तक ही प्रदेश सरकार से निर्णय लेने की मांग उठाई है। यदि कोई निर्णय नहीं लिया गया तो जिले के समस्त आउटसोर्स कर्मी एक साथ काम छोड़कर धरना प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष अशोक त्यागी, राहिद तुर्की, नदीम जैदी, सत्यनारायण, अभिनंदन शर्मा, मनीष चौधरी, अवनीश चौधरी, जफर, मंगल सैनी आदि रहे।
फोटो