बहजोई। विधानसभा चुनाव के लिए जिले में नामांकन प्रक्रिया 21 जनवरी से प्रारंभ हो जाएगी। यह जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी संजीव रंजन ने बताया कि 21 जनवरी को नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। इसके बाद 28 जनवरी को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि होगी।
29 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच तथा 31 जनवरी को नामांकन वापसी के लिए अंतिम तिथि तय है। 14 फरवरी को मतदान व 10 मार्च को मतगणना होगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए प्रत्येक आरओ के साथ तीन-तीन एआरओ लगाए गए हैं। इनमें विधानसभा क्षेत्र 31-चंदौसी के लिए उप जिलाधिकारी चंदौसी को आरओ तथा तहसीलदार चंदौसी, बीडीओ बनियाखेड़ा व बीडीओ बहजोई को एआरओ बनाया गया है।
वहीं विधानसभा क्षेत्र 32-असमौली के लिए डिप्टी कलक्टर संभल को आरओ व तहसीलदार न्यायिक संभल, बीडीओ पवांसा व बीडीओ असमौली को एआरओ, विधानसभा क्षेत्र 33-संभल के लिए उप जिलाधिकारी संभल को आरओ तथा तहसीलदार संभल, बीडीओ संभल व चकबंदी अधिकारी प्रथम को एआरओ बनाया गया है। इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र 111-गुन्नौर के लिए उप जिलाधिकारी गुन्नौर को आरओ तथा तहसीदार गुन्नौर, बीडीओ गुन्नौर व बीडीओ रजपुरा को एआरओ बनाया गया है।