गुन्नौर के गांव न्यौरा में आयोजित दंगल में महिला पहलवान कुश्ती करती हुईं।
- फोटो : SAMBHAL
गवां (संभल)। गुन्नौर तहसील के गांव न्यौरा में आयोजित हुए तीन दिवसीय दंगल के अंतिम दिन पहलवानों ने दम दिखाया। बुलंदशहर की खुशनुमा ने दिल्ली की हनी कुमारी को पटखनी दी। इनके अलावा भी कई पहलवानों ने दांव पेंच आजमाए।
मंगलवार को यह दंगल पहलवान मदन लाल शर्मा के नेतृत्व में कराया गया। पहला मुकाबला हापुड़ जनपद के गांव ढहाना से आए बिज्जू उर्फ विजेता पहलवान और रजपुरा के गांव जिजोड़ा निवासी लाला पहलवान के बीच हुआ। इसमें आठ मिनट मुकाबला हुआ। लाला पहलवान ने बिज्जू को पटखनी देकर जीत हासिल की। दूसरा मुकाबला दिल्ली के शाहदरा की महिला पहलवान हनी कुमारी और बुलंदशहर जनपद के गांव डूंगरा जाट से आईं महिला पहलवान खुशनुमा के बीच हुआ। पांच मिनट चला यह मुकाबला काफी दिलचस्प था। दर्शकों ने भी दोनों पहलवानों की जमकर सराहना की। खुशनुमा ने हनी कुमारी को जोरदार पटखनी देकर मुकाबला जीत लिया। ग्रामीण इस मुकाबले को देखकर उत्साहित नजर आए। पहलवानों को पुरस्कार दिए गए हैं। ग्रामीणों ने भी इनाम दिए। जिसे पहलवानों ने स्वीकार किया। पहलवान अजयपाल की स्मृति में दंगल आयोजित किया गया था।