संभल। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की ओर से शनिवार की रात 11वां विशाल मां भगवती का जागरण का आयोजन किया गया। भगवान की वेशभूषा में सजे कलाकारों ने विभिन्न भजनों पर नृत्य कर समां बांध दिया।
मोहल्ला हल्लूसराय स्थित पंचायत घर में आयोजित मां भगवती के जागरण की शुरूआत मां की भेंट से हुई। मुरादाबाद से कृष्णा सिंगर और बरेली के अमित चंचल ने मां की भेंटें गाकर समां बांध दिया। इसके बाद भगवान की वेशभूषा में सजे कलाकारों ने भजनों पर नृत्य कर दर्शकों को सराबोर कर दिया। इस दौरान राम-दरबार की झांकी सजाई गई। शिव पार्वती की झांकी, मां काली का विराट रूप और राधा-कृष्ण की रासलीला का मंचन भी किया गया। रातभर दर्शकों को कलाकारों ने मां के भजनों पर झुमाए रखा। चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है और खाटू श्याम के भजनों से दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे। इस दौरान दिनेश ठाकुर, कांता ठाकुर, राजा ठाकुर, चंदर ठाकुर, अंकुश ठाकुर आदि रहे।