संभल/चंदौसी। विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित हो चुके हैं। आंकड़ों पर नजर डाले तो चंदौसी विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मिथलेश कुमारी स्वयं अपना बूथ नहीं जीत पाई हैं। गुन्नौर सीट पर सपा के रामखिलाड़ी अपने बूथ पर हार कर भी विधानसभा सीट जीत गए हैं। सपा, भाजपा के कई पार्टी पदाधिकारी अपने प्रत्याशियों को विधानसभा चुनाव जिताने का दावा करते रहे। पर उनके बूथों पर नजर डाले, तो वह अपने प्रत्याशी को अपने ही बूथ नहीं जीता पाए।
गुन्नौर विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी रामखिलाड़ी सिंह की बूथ संख्या 217 है। उन्होंने विधानसभा सीट से चुनाव जीता है और विधायक निर्वाचित हुए हैं, लेकिन वह अपने बूथ पर चुनाव नहीं जीत पाए। उनके बूथ पर उन्हें मात्र 133 वोट मिले हैं, वहीं भाजपा प्रत्याशी को 333 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी अजीत कुमार राजू की बूथ संख्या 137 है। उन्हें अपने बूथ पर 219, सपा को 97 वोट मिले हैं।
इसके अलावा चंदौसी विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी विमलेश कुमारी की बूथ संख्या 42 है। इस बूथ पर सपा को 320, भाजपा को 111 वोट मिले। वहीं भाजपा प्रत्याशी रहीं गुलाब देवी की बूथ संख्या 122 पर भाजपा को 560 और सपा को 51 वोट मिले।
संभल विधानसभा सीट के प्रत्याशियों को अपने-अपने बूथों से समर्थन बहुत ज्यादा मिला। इसकी गवाही मतदान के सामने आए आंकड़े बयान कर रहे हैं। सबसे बड़ा समर्थन भाजपा के प्रत्याशी राजेश सिंघल को मिला है। उनकी बूथ संख्या 275 है, जहां से उनके पक्ष में 93 प्रतिशत वोट पड़े। सपा के प्रत्याशी इकबाल महमूद की बूथ संख्या 332 है, जहां से उन्हें 82 प्रतिशत वोट मिले हैं।
वहीं असमोली विधानसभा सीट पर सपा और भाजपा प्रत्याशी के मुकाबला रहा है। सपा से प्रत्याशी पिंकी यादव की बूथ संख्या 427 है। इस बूथ पर सपा को 472 और भाजपा के को 150 वोट मिले हैं। भाजपा के प्रत्याशी हरेंद्र कुमार की बूथ संख्या 94 है। जहां से भाजपा को 339 और सपा को 258 वोट मिले हैं।
सपाइयों के कई बूथ पर जीती भाजपा
सपा के नगर अध्यक्ष संजय मदान की बूथ संख्या 206 पर सपा हार गई है। साइकिल को 111, कमल को 417 वोट मिले। सपा के जिला महासचिव कृष्ण मुरारी शंखधार की बूथ संख्या 384 पर सपा प्रत्याशी को 39, भाजपा को 460 मिले। सपा की महिला जिलाध्यक्ष संगीता यादव की संख्या 133 से सपा प्रत्याशी को 76, भाजपा को 383 वोट मिले। इसके अलावा सपा नेता महमूद अख्तर, भूरे प्रधान, शानू वारसी ने भी बूथों से सपा प्रत्याशी को जिताकर आगे भेजा।
कई भाजपा नेता भी बूथ नहीं जिता पाए अपने बूथ पर
वरिष्ठ भाजपा ने सुधीर मल्होत्रा की बूथ संख्या 127 पर भाजपा प्रत्याशी को मात्र 76 वोट, सपा को 335 वोट मिले हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी, जिला उपाध्यक्ष सतीश अरोरा, पालिकाध्यक्ष, श्रीपाल दिवाकर, बहजोई के पूर्व चेयरमैन राजेश शंकर राजू ने भी भाजपा प्रत्याशी को अपने बूथ से जीत दिलाई।