संभल। राष्ट्रीय जन चेतना रथ यात्रा संभल पहुंची तो हिंदू संगठनों ने जोरदार स्वागत किया। यात्रा की अगुवाई कर रहे महामंडलेश्वर हितेश्वरनाथ ने कहा कि विधानसभा के चुनावों से पहले अगर हिंदू नहीं जागा तो उसके पास न तो घर रहेगा और न ही मठ।
गांव मंडी किशनदास सराय स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में स्वामी हितेश्वरनाथ ने कहा कि हिंदू धर्म को जगाने और संस्कृति को बचाने के लिए यह जन चेतना यात्रा निकाली जा रही है। कांग्रेस पर परोक्ष रुप से कटाक्ष करते हुए महामंडलेश्वर ने कहा कि देश को बर्बाद करने वाले लोग अब सत्ता तक पहुंचना चाहते हैं। कहा कि राहुल गांधी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे। महामंडलेश्वर ने कहा कि अधिकांश मदरसों में बच्चों को आतंक का पाठ पढ़ाया जा रहा है। अब हिंदुओं को जागने की आवश्यकता है। अब सीधेपन में नहीं रहना है। एक हाथ में माला और दूसरे हाथ में भाला रखना है। तभी हक मिलेगा। ऐंचोड़ा कंबोह में चल रहे कल्कि महोत्सव में आए मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी मानसिकता खराब हो गई है। स्वामी हितेश्वरनाथ ने कहा कि विधानसभा चुनावों में यदि योगी जी के लिए प्रचार करने की बात आएगी तो वो पीछे नहीं हटेंगे। क्योंकि भाजपा सनातन धर्म की रक्षा करने का काम कर रही है। यही सभी साधु-संत चाहते हैं।
इस दौरान आरएसएस के जिला प्रचारक आशुतोष, अनिल कुमार, कमलकांत तिवारी, जयप्रकाश गुप्ता, दयानंद आर्य, घनश्याम सिंह आदि रहे।