संभल। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकालने का आरोप है। वहीं पति पर भी मायके पहुंच महिला को तीन तलाक देने का आरोप है। पीड़ित महिला ने पति सहित ससुराल वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी को शिकायती पत्र सौंप न्याय की गुहार लगाई है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लक्ष्मण गंज निवासी महिला बब्बो का आरोप है कि उसकी शादी 30 जून को जनपद ऊधम सिंह नगर के थाना काशीपुर निवासी एक युवक से हुई थी। शादी के समय मायके पक्ष के लोगों ने काफी दन दहेज दिया था। मगर ससुराल वालों शादी में मिले दहेज से संतुष्ट नहीं थे और मायके से दो लाख रुपये नकद व एक बाइक की मांग करते थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। महिला का पति नशे का आदि है।
18 सितंबर को पति सहित अन्य ससुराल वालों ने एक राय होकर उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। 22 सितंबर पति व सास, जेठ व ननद उसके घर पहुंचे और दहेज की मांग दोहराई। महिला की विधवा मां ने मांग पूरी न करने में असमर्थता जताई तो पति ने महिला को तीन तलाक दे दिया। इसके बाद ससुराल वाले उसे व परिवार वालों को जान से मारने की धमकी देकर चले गए। आरोप है कि घटना के पीड़ित महिला कोतवाली पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। मगर पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं और उसे घर भेज दिया। अब महिला ने पति सहित ससुराल वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी से गुहार लगाई है।