संभल। गांव शाहपुर चमारान में बारिश के चलते गारे से चुनी दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार की चपेट में आने से होमगार्ड की बेटी की मौत हो गई।
हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर चमारान निवासी होमगार्ड सोमवीर सिंह की 12 वर्षीय बेटी पारुल रविवार की दोपहर करीब ढाई बजे घर में सफाई कर रही थी। इसी दौरान मकान के बाहरी हिस्से में गारे से चुनी दीवार भरभराकर गिर गई। इसमें पारुल दब गई। हादसा होने पर परिजन दौड़ पड़े मौके पर आसपास के ग्रामीण भी आ गए। जब तक बालिक को मलबे से निकाला जा सका तब तक मौत हो गई थी। इसके बाद भी परिजन गांव के चिकित्सक के पास ले गए जहां मृत होने की पुष्टि की गई।
होमगार्ड ने बताया कि रविवार को सुबह से ही बारिश हो रही थी। दोपहर में बारिश थमी तो बेटी सफाई करने के लिए लग गई। इसी दौरान दीवार भरभराकर गिर गई। इसमें दबकर मौत हो गई। मां बबली देवी व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया।