चंदौसी। सुभाष रोड स्थित जिम में किशोरी के साथ अश्लीलता करने व धमकाने के मामले में किशोरी के पिता ने आरोपी ट्रेनर के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने छेड़खानी, पोस्को, धमकाने के आरोप में ट्रेनर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
शहर निवासी किशोरी के पिता ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री सुभाष रोड पर जिम करने जाती थी। वहां नियुक्त ट्रेनर मोहनिश निवासी मोहल्ला कुरैशियान ने किशोरी के साथ कई बार छेड़खानी व अश्लील हरकत की थी।
आरोपी युवक किशोरी के साथ मोबाइल पर भी अश्लील बातें करता था। उसकी बात न मानने पर जिम में खींची गई फोटो व वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था। बुधवार को आरोपी से परेशान होकर उनकी बेटी ने घटना के बारे में जानकारी दी। किशोरी ने बताया कि जिम का ट्रेनर मोहनिश जिम में जाने पर हाथ पकड़ता था व छेड़खानी करता था। आरोपी ने किशोरी को बताया कि उसके मोबाइल में शहर की अन्य कई किशोरी, युवती व महिलाओं के फोटो व वीडियो भी हैं।
इस मामले में किशोरी के पिता ने आरोपी ट्रेनर से शिकायत की, तो उसने किशोरी के पिता से दो लाख रुपये देने की बात कही तथा विरोध करने पर गाली की। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध छेड़खानी, पोक्सो सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।