ओबरी(संभल)। ओबरी गांव में ग्रामीण के घर से रविवार की शाम चार लाख रुपये की चोरी हो गई। चोरी का आरोप पड़ोसी पर लगा तो पंचायतों का दौर शुरू हो गया। पंचायत में बात न बनी तो मामला पुलिस तक पहुंचा और कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है।
असमोली थाना क्षेत्र के ओबरी गांव निवासी अली अहमद साइकिल के मरम्मत का काम करते हैं। रविवार की शाम अली अहमद का पुत्र मोहम्मद आलिम अपनी पत्नी के साथ गांव में ही एक डाक्टर के यहां से दवाई लेने के लिए घर से निकला था। घर पर उसके बच्चे ही थे। वापस आया तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था।
अंदर देखने पर पता चला कि अंदर जाकर देखा तो अलमारी से रुपये गायब थे। बच्चों ने पड़ोसी पर चोरी का आरोप लगाया। जिसके बाद पंचायतों का दौर शुरू हुआ तय हुआ रुपये वापस किए जाएंगे लेकिन तीन दिन बीत पर रुपये वापस न हुए। बताते हैं कि मंगलवार को आरोपी घर का ताला लगाकर पीड़ित को धमकाता हुआ परिजनों के साथ कहीं चला गया है। जिसके बाद चोरी की तहरीर पुलिस को दी गई है।
वहीं, असमोली थाने के प्रभारी डीके शर्मा का कहना है कि मंसूरपुर माफी चौकी इंचार्ज ने मामले की जांच की है। दोनों के बीच आपसी कोई मामला है। इस मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।