चंदौसी। मंडी समिति में चल रहे पुलिस चौकी के निर्माण कार्य में लगे मजदूर को हाईटेंशन लाइन ने अपनी चपेट में ले लिया। मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। साथी मजदूर अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
चंदौसी मंडी समिति परिसर में पिछले तीन माह से पुलिस चौकी का निर्माण कार्य चल रहा है। यह निर्माण कार्य मंडी समिति परिषद के उप निदेशक निर्माण विभाग की ओर से कराया जा रहा है। प्रेमनगर निवासी अनिल (32) डेढ़ महीने से मजदूरी कर रहा था। गुरुवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे सीढ़ी लेकर अनिल कोई कार्य करने जा रहा था। इसी दौरान सीढ़ी नजदीक से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। इससे करंट सीढ़ी के माध्यम से अनिल तक पहुंचा और अनिल इसमें गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसा होता देख आसपास के मजदूर दौड़ पड़े। आनन फानन मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मजदूर की मौत के बाद पुलिस चौकी का निर्माण कार्य करा रहा ठेकेदार मौके से भाग गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक की मौत की सूचना पर पहुंची पत्नी मिथलेश और मां नत्थो का रोरो कर बुरा हाल हो गया। पीड़ित पिता ने बताया कि उनके बेटे की दो वर्ष की एक बेटी है और अब पत्नी गर्भवती है। परिवार का अनिल ही सहारा था।
हाईटेंशन लाइन नजदीक होने के बाद भी लोहे की सीढ़ी का क्यों किया गया इस्तेमाल
मंडी समिति परिसर में निर्माणाधीन पुलिस चौकी के पास से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। इसके बाद भी ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में लोहे की सीढ़ी का इस्तेमाल किया गया। जबकि जमीन से हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई 16 से 17 फीट है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब निर्माणस्थल के पास हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी तो वहां लोहे की सीढ़ी का प्रयोग क्यों किया जा रहा था।