चंदौसी। रजपुरा की डीएसएम शुगर मिल की निशुल्क मेडिकल वैन को मुख्य अतिथि जिलाधिकारी संजीव रंजन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। निशुल्क मेडिकल वैन द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में जाकर स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ मुफ्त में दवा का वितरण किया जाएगा। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कहा कि शुगर मिल द्वारा यह एक अच्छी पहल है। ग्रामीण इस योजना का पूरा लाभ उठाएं।
डीएसएम शुगर मिल रजपुरा के यूनिट हेड रणधीर सिंह ने कहा कि इस संकल्प को पूरा करने के लिए पीएचडी-आरडीएस के साथ मिलकर स्वास्थ्य मिशन, स्वच्छता व जल संरक्षण की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि अभी तक वे किसानों से जुड़ते रहे थे, अब शिक्षा व स्वास्थ्य के जरिये परिवारों से भी जुड़ने का प्रयास कर रहे हैं। इस योजना के तहत शुगर मिल क्षेत्र के दस गांवों में योजना का लाभ एक सितंबर से 21 अगस्त 2022 तक मिलता रहेगा। योजना के माध्यम से 160 मेडिकल मोबाइल वैन कैंप लगाए जाएंगे।
शुगर मिल की ओर से दो गांवों के तालाबों का जीर्णोद्धार करने का संकल्प लिया है। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक राजन कुमार दीक्षित, कादंबरी बनिता सिन्हा, अपर जिलाधिकारी कमलेश कुमार अवस्थी, उपजिलाधिकारी गुन्नौर रामकेश धामा, एसके त्यागी, अभय शर्मा, संजीव कुमार, विवेक सिंह, विवेक तोमर, आदेश तोमर, राजीव कुमार आदि मौजूद रहे।