संभल। गांव कुरकावली में डेंगू पीड़ित कौशल्या (65) की मौत हुई है। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार महिला को दस दिन पहले बुखार आया था और जांच के दौरान डेंगू की पुष्टि हुई थी। परिजन फिलहाल संभल के चंदौसी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार करा रहे थे। उपचार के दौरान ही मौत हुई है।
गांव में काफी लोग बुखार से पीड़ित हैं। महिला की मौत के बाद से तमाम ग्रामीणों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों में रोष भी है कि स्वास्थ्य विभाग बुखार को लेकर गंभीर नहीं है। शिविर नहीं लगाया गया है। आर्थिक रूप से कमजोर ग्रामीण गांव के झोलाछाप चिकित्सकों से ही उपचार कराने के लिए मजबूर हैं। यदि स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर लगाया जाए तो लोगों को बेहतर उपचार मिल सके।
ग्रामीणों ने सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि गांव में गंदगी पसरी है। कई महीने से गांव में सफाई कार्य नहीं किया गया है। ग्राम प्रधान रामवती का कहना है कि संभल खंड विकास अधिकारी को पत्र लिखकर अवगत कराया था कि एक महीने से सफाई कर्मचारी की नियुक्ति नहीं है और गांव में गंदगी फैल रही है। इसके बाद भी अभी कोई कर्मचारी नियुक्त नहीं किया गया है।