संभल। जनपद में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल में हुई जांच में किशोर समेत दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। वहीं वायरल के चलते जिला अस्पताल में भी मरीजों की भीड़ बढ़ रही है। हर रोज पहुंचने वाले मरीजों में सबसे ज्यादा संख्या वायरल के है। सोमवार को कुल 416 ओपीडी रही। इसमें 123 बुखार के मरीज मिले।
जनपद में मौसमी बीमारियों के प्रकोप ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। शहर से लेकर देहात तक लोग वायरल बुखार से पीड़ित हैं। सोमवार को जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की लाइन लगी रही। इस दौरान जांच में बाहपुर पट्टी निवासी 25 वर्षीय युवक व चंदौसी के गांव सैंजनी निवासी 17 वर्षीय किशोर में डेंगू की पुष्टि हुई है। दोनों मरीजों को जिला अस्पताल में ही उपचार दिया जा रहा है। डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। साथ ही बुखार से कई लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग अंजान बना हुआ है। न कहीं एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है और न ही फॉगिंग कराई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी अपने हाल पर हैं।