धनारी/चंदौसी। धनारी थाना क्षेत्र के पीपलवाला गांव में सोमवार की रात घर से उठकर टायलेट के लिए बाहर निकली महिला को गोली मार दी गई। घायलावस्था में उपचार को ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। मृतका के पुत्र ने अपने ही दो सौतेले भाइयों समेत तीन पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के पीछे जमीन के बंटवारे का विवाद बताया जा रहा है। हालांकि धनारी पुलिस इसे हत्या मानने को तैयार नहीं है। पुलिस का कहना है कि महिला को किसी जानवर ने सींग मारकर घायल किया था। इससे उसकी मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
धनारी थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर पीपल वाला गांव निवासी हर प्यारी (55) पत्नी मोरध्वज यादव सोमवार की रात 11 बजे टायलेट करने के लिए दरवाजे से बाहर निकली। आरोप है कि इसी दौरान उसे किसी ने गोली मार दी। महिला घायल हो गई। गोली की आवाज सुनकर परिजन दौड़कर आए। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। रक्तरंजित महिला को उठाकर बहजोई संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। यहां से महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन महिला की जिला अस्पताल ले जाते समय ही मौत हो गई। मृतका के पुत्र रिषीपाल सिंह यादव का आरोप है कि उसकी मां रात ग्यारह बजे टायलेट के लिए उठी थी। इसी दौरान उन्हें गोली मार दी गई। फायर की आवाज सुनकर परिजन व गांव के लोग बाहर दौड़े। उस समय मां जीवित थी। उसने बताया कि सौतेले दो बेटों समेत तीन लोग आए थे, उन्होंने ही होली मारी है। पुलिस को घटना की तहरीर भी दी लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट लिखने से मना कर दिया है। इधर थानाध्यक्ष रवेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि महिला की चोट गोली की नहीं लग रही है, जहां महिला गिरी थी, वहां गाय भी बंध रही थी। हो सकता है, उसी ने महिला को सींग मार दिया हो। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।