गर्दन पर दो गोलियां लगने के बावजूद व्यापारी घर की ओर दौड़ा। लेकिन घर पर जाकर गिरते ही उसकी मौत हो गई। बताते हैं कि व्यापारी एक बार विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुका है। मौके पर पुलिस अधीक्षक समेत कई पुलिस अधिकारी व फोर्स पहुंची। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। हत्या में मृतक के दो रिश्तेदारों का नाम सामने आ रहा है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के प्रगति विहार कालोनी सुरेश कुमार जाटव का बड़ा बेटा हेमंत कुमार उर्फ पिंटू (27) मंगलवार की देर शाम करीब सवा आठ बजे रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने अपने सुरेश बाबू प्रोविजनल स्टोर पर बैठा था।
दुकान बंद करने की तैयारी कर ही रहा था कि अचानक वहां स्कूटी सवार दो लोग आकर रुके। चंद सेकेंड बात की और रिवाल्वर निकाल कर पिंटू के गर्दन में दो गोलियां मार दी और स्कूटी पर सवार होकर भाग निकले। पिंटू गोलियां लगने के बावजूद करीब पंद्रह कदम दूर अपने घर जा पहुंचा लेकिन घर पहुंचते ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। परिजन तत्काल उसे उठाकर संयुक्त चिकित्सालय लाए, यहां डाक्टर ने उसे मृत घोेषित कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली व बनियाठेर थाना पुलिस पहुंची।
भीड़भाड़ बढने लगी तो सूचना पर सीओ सुरेश बाबू यादव, अपर पुलिस अधीक्षक राममूरत यादव के बाद पुलिस अधीक्षक बालेंद्र भूषण सिंह भी पीएसी के साथ पहुंच गए। परिजनों से घटना की जानकारी ली।
पहले तो परिजन कुछ भी बताने को तैयार नहीं हुए लेकिन बाद में स्कूटी सवार हत्यारों के बारे में पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक बालेंदु भूषण सिंह ने बताया कि हत्या के पीछे का सही कारण तो तफ्तीश में ही पता चलेगा लेकिन फौरी तौर पर हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला हो सकता है। मृतक के पिता ने हत्या में अपने सगे रिश्तेदारों के शामिल होने का शक जाहिर किया है।
पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर दी जा रही है, हत्या की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।