संभल। हातिमसराय स्थित विद्युत सब स्टेशन के संविदा चौकीदार की मंगलवार को सुबह सब स्टेशन के हॉल में अपने तख्त पर मृत अवस्था में मिले। उनका पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों को हत्या का अंदेशा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
नखासा थाना क्षेत्र के मोहल्ला लोधीसराय निवासी टीकाराम (55) उर्फ भगत जी संभल के हातिमसराय विद्युत सब स्टेशन पर संविदा पर चौकीदार थे। वह सोमवार को शाम साढ़े सात बजे ड्यूटी पर आ गए। रात में साढ़े नौ बजे उन्होंने खिचड़ी खाई। इसके बाद यार्ड में टहले और फिर एसएसओ राकेश कुमार के तख्त के बगल में पड़े दूसरे तख्त पर सो गए। सोने से पहले उन्होंने राकेश के लिए पानी की बोतलें भरीं। राकेश ने सुबह साढ़े पांच बजे जब ट्रिपिंग होने पर चौकीदार टीकाराम को आवाज दी तो वह कुछ नहीं बोले। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो वह करवट लिए पड़े थे। एक कोहनी और सिर पर हल्की सी चोट थी। जीभ दांतों के बीच भिंची थी। राकेश ने तत्काल परिजनों को खबर दी। मोहल्ले वाले भी एकत्र होने लगे क्योंकि टीकाराम मोहल्ले में भगत जी के नाम से प्रसिद्ध थे और उन्हें हर कोई अच्छे व्यवहार की वजह से जानता था। जानकारी पर वहां पहुंचे परिजनों ने पुलिस को फोन किया। नखासा के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और एसएसओ राकेश कुमार से घटनाक्रम की जानकारी ली। टीकाराम के बड़े बेटे सोनू का कहाना था कि उन्हें हत्या का अंदेशा है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सुदेश कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि ऐसी कोई जाहिरा चोट नहीं है जिससे मौत हो सके। फिर भी हकीकत की तहकीकात के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस अगली कार्रवाई करेगी। टीकाराम के चार बेटे और दो बेटियां हैं।