जिला संभल में अपने प्रस्तावित दौरे के दौरान विकासखंड के गांव आलपुर-मैथरा में देर रात तक ग्रामीणों के साथ बैठक की। ग्रामीणों ने प्रमुख सचिव के सामने शिकायतों का अंबार लगा दिया। जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद थे। इस बीच कुछ ग्रामीणों ने प्रमुख सचिव के समक्ष आय प्रमाण में रुपये लेने की शिकायत की।
इस पर गंभीरता दिखाते हुए जिलाधिकारी ने मामले की शिकायत की जांच की जिम्मेदारी एसडीएम चंदौसी को सौंपी। गुरुवार की रात गांव आलपुर-मैथरा में ग्रामीणों के साथ हुई प्रमुख सचिव की बैठक में गांव के लेखपाल रहे राजेंद्र सिंह यादव की शिकायत सामने आई। गांव के हरपाल पुत्र गुलफाम ने प्रमुख सचिव मुकुल सिंहल से शिकायत की।
जब लेखपाल पर गांव का चार्ज था, तब आय प्रमाण पत्र बनाने के उससे पांच सौ रुपये लिए गए। अन्य ग्रामीणों ने भी लेखपाल की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी एनकेएस चौहान ने शिकायत पर गंभीरता दिखाते हुए उप जिलाधिकारी चंदौसी अमित कुमार को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस बीच प्रमुख सचिव व डीएम ने ग्रामीणों से सभी प्रकार की पेंशन, राशन, राशनकार्ड, शिक्षा, आवास व पेयजल आदि के बाबत भी जानकारी ली। समस्याओं के जल्द ही निस्तारण का आश्वासन दिया। इस बीच जिले के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।