तहसील और न्यायालय के अधिवक्ताओं ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश बार कौंसिल के सदस्य श्रीश मल्होत्रा का फूलमालाओं से स्वागत किया। बैठक का आयोजन कर अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। साथ ही समस्याओं के समाधान के लिए पैरवी की बात कही।
बार कौंसिल आफ उत्तर प्रदेश के सदस्य श्रीश मल्होत्रा व्यवहार एवं सत्र न्यायालय और तहसील परिसर स्थित अधिवक्ताओं से मिले। अधिवक्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया 2010 के बाद वकालत के पेशे में आए अधिवक्ताओं को ऑल इंडिया बार एग्जाम देना आवश्यक हो गया है।
वकालत के लिए परीक्षा को उत्तीर्ण करना अनिवार्य कर दिया गया है। एग्जाम छह मार्च को आयोजित होगा। ऑनलाइन आवेदन के लिए 12 फरवरी अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया वकालत के पांच वर्ष पूरे कर चुके अधिवक्ताओं को वेरिफिकेशन कराना आवश्यक कर दिया है।
इसके लिए अभी आवेदन प्राप्त नहीं हुए हैं। आवेदन मिलते ही प्रक्रिया समय से पूरी करने की बात कही। उन्होंने बताया कि 60 वर्ष या इससे कम उम्र के अधिवक्ताओं को शासन की ओर से पांच लाख रुपये का निशुल्क जीवन बीमा दिया जाएगा।
बैठक में विजय उपाध्याय, उमेश कुमार सिंह, राहुल शर्मा, अमर सिंह यादव, विनोद शर्मा, बलराम शर्मा, अशोक शर्मा, मुकेश सिंह, नरेश कुमार आदि कई अधिवक्ता शामिल रहे।