रविवार एक बार फिर ब्लैक संडे साबित हुआ। दो अलग अलग ट्रैक्टर पलटने की दुर्घटनाओं में दंपति समेत पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। पहली घटना धनारी थाना क्षेत्र में अपराह्न करीब साढ़े तीन उस समय घटी जब एक परिवार खेत में सिंचाई कर लौट रहा था।
सामने आए सांप को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर खाई में जाकर पलट गया। जिसमें दंपति व उसके बेटे की मौत हो गई। दूसरी घटना बिलारी कोतवाली क्षेत्र के कुंआखेड़ा गांव के निकट शाम को घटी जब चंदौसी से वापस जाते समय ट्रैक्टर ट्राली हाल्ट की ऊंचाई पर नहीं चढ़ पाने के कारण पलट गया। जिसमें चाचा भतीजे की मौत हो गई।
धनारी थाना क्षेत्र के गुरैठा गांव निवासी ऋषिपाल सिंह यादव (36) पुत्र छविराम यादव रविवार की सुबह अपने तीन बच्चों को घर छोड़कर अपनी पत्नी अतरकली (34) व छह साल के पुत्र जोगेश यादव के साथ ट्रैक्टर लेकर गेहूं की सिंचाई करने गया था। उसके पास ढाई बीघा खेत हैं।
सिंचाई पूरी होने के कारण अपराह्न 3.30 बजे तीनों वापस लौट रहे थे, ट्रैक्टर पर उनका पड़ोसी तोताराम पुत्र चंद्रपाल भी बैठा था। जैसे ही अपने गांव के संपर्क मार्ग मोड़ पर आया तो सामने अचानक सांप आ गया। जिसे बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर तीव्र मोड़ पर घूम नहीं सका और सड़क बनाने के लिए बनाई गई गहरी खाई में जाकर पलट गया।
चारों ट्रैक्टर के नीचे दब गए। आसपास के लोग दौ़ड़े। किसी तरह ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला लेकिन ऋषिपाल सिंह, उसकी पत्नी अतरकली व पुत्र जोगेश की मौके पर ही मौत हो गई। पड़ोसी तोताराम (14) को उपचार के लिए संभल भेजा गया। पुलिस मौके पर पहुंच गई।
इधर मुरादाबाद जिले की बिलारी कोतवाली स्थित कुआंखेड़ा गांव निवासी कुलदीप सिंह पुत्र वीरपाल सिंह, उसकी पांच वर्षीय भतीजा करन पुत्र विक्की, सुरेंद्र पुत्र महीपाल और शेरपाल पुत्र सुरेंद्र ट्रैक्टर ट्राली से चंदौसी से वापस अपने गांव जा रहे थे। कुलदीप सिंह के मकान का निर्माण चल रहा है।
मकान निर्माण के लिए बिल्डिंग मैटेरियल खरीदकर वापस अपने गांव जा रहे थे। शाम करीब साढ़े चार बजे कुआंखेड़ा हाल्ट पर चढ़ाई पर चढ़ते समय ट्रैक्टर पीछे की ओर फिसल गया। कुलदीप सिंह से ट्रैक्टर नियंत्रित नहीं हुआ। ट्रैक्टर फिसलकर खाई में जा गिरा। ट्रैक्टर चालक कुलदीप सिंह (27), आगे बैठे उसके पांच वर्षीय भतीजे करन की मौत हो गई। सुरेंद्र पुत्र महीपाल और शेरपाल पुत्र सुरेंद्र घायल हो गए। गांव में मासूम करन और कुलदीप सिंह की मौत से कोहराम मचा हुआ है।
कुआंखेड़ा गांव निवासी कुलदीप की मां पुष्पा देवी का रो रोकर बुरा हाल है। रोते रोते पुष्पा देवी कई बार बदहवास हो गईं। फफकते हुए होठों पर लाडले बेटे के अचानक दूर चले जाने का गम है। उनका कहना है कि कुलदीप मकान निर्माण के लिए बेहद उत्सुक था। मां ने कहा बेटे के जाने के बाद सपने चकनाचूर हो गए।
मासूम करन की मौत के बाद मां रीना से बहन अमृता के सवाल कलेजा चीर कर रख रहे थे। विक्की और रीना की करन व अमृता दो संतानें थीं। करन की मौत के बाद अमृता की शांत निगाहें शायद अपने भाई की तलाश में भटक रही थीं। मां रीना मासूम अमृता के सवालों से बेहाल नजर आईं। गांव वाले भी हादसे के बाद से बेहद दुखी नजर आए।