बहजोई। रिजर्व पुलिस लाइन के निकट चोरों ने एक घर को निशाना बना लिया। यहां किराएदार के कमरे का ताला तोड़कर चोर करीब पचास हजार रुपये की नगदी व कीमती सामान चोरी कर ले गए। मकान मालिक की ओर से थाना पुलिस को चोरी की तहरीर दी गई है। वहीं नगर में बढ़ती चोरियों की घटनाओं से नागरिकों में भय व्याप्त है।
गुरुवार की रात चोरों ने रिजर्व पुलिस लाइन के निकट चितनपुर रोड राहुल सिंह के घर को निशाना बना लिया और मकान में किराएदार के कमरे का ताला तोड़कर पचास हजार रुपये की नगदी व कीमती सामान चोरी कर ले गए।
मकान मालिक के अनुसार रात को किसी समय चोर घर में घुस आए और किराएदार के कमरे का ताला तोड़ दिया और नगदी व कीमती सामान ले गए। बाद में आंख खुली तो देखा कि किराएदार के कमरे के दरवाजे का कुंडा टूटा हुआ है और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है।
किराएदार बाहर गए हुए थे। इस पर किराएदार से बातचीत की गई तो सामने आया कि कमरे में रखे करीब पचास हजार रुपये की नगदी व सामान गायब था। चोरी की तहरीर थाना पुलिस को दी गई है। वहीं नगर में बढ़ती चोरी की घटनाओं से नागरिकों में डर है।
नागरिकों का कहना है कि बीते दिनों पुलिस अधीक्षक दफ्तर के निकट से शनिदेव मंदिर का चैनल गेट का ताला तोड़कर चोर नगदी ले गए थे। वहीं मोहल्ला मुराव टोला स्थित एक मंदिर के निकट से चोर सोलर लाइट की बैटरी चोरी कर ले गए थे। पुलिस गश्त के नाम पर खानापूर्ति कर रही है।