सौंधन(संभल)। बाइकों की भिड़ंत में कोरोना से बचाव की वैक्सीन डिलीवरी करने वाले ठेका कर्मी की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक की हालत गंभीर है। यह हादसा हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव रझेड़ा सलेमपुर में शाम करीब चार बजे हुआ।
बहजोई थाना क्षेत्र के गांव पवांसा निवासी ओमप्रकाश (45) पुत्र बुद्धि सिंह गांव रझेड़ा सलेमपुर में चल रहे वैक्सीनेशन शिविर से कोरोना से बचाव की वैक्सीन लेकर लौट रहे थे। जैसे ही संभल-गवां मार्ग पर पहुंचे तो सामने से आई बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची यूपी 112 पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने ओमप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। जबकि गांव सौंधन निवासी दूसरी बाइक पर सवार राजू की हालत गंभीर होने पर मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया गया है। ओमप्रकाश की पत्नी विमलेश ने बताया कि उनके पति पवांसा सीएचसी में ठेका कर्मी के तौर पर कार्य करते हैं। वैक्सीन की डिलीवरी करना और वैक्सीनेशन शिविर खत्म होने के बाद बची हुई वैक्सीन सीएचसी तक पहुंचाने की जिम्मेदारी थी।
सोमवार को गांव रझेड़ा सलेमपुर में कोरोना से बचाव की वैक्सीन लगने के लिए शिविर लगा था। शाम चार बजे जब शिविर खत्म हुआ तो वैक्सीन लेकर सीएचसी जा रहे थे। गांव रझेड़ा सलेमपुर में सामने से आए बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिसमें उनकी मौत हो गई। मृतक ने अपने पीछे तीन लड़की व दो लड़कों को छोड़ा है। हयातनगर थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर राजेश सोलंकी ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। वहीं दूसरी बाइक पर सवार युवक की भी हालत गंभीर बनी हुई है। जिला अस्पताल से मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया गया है।