गुन्नौर के गांव जाफरपुर में मृतक चंद्रकेश का शव पहुंचने पर लगी ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : CHANDAUSI
भाई की मौत का बदला लेने के लिए चंद्रकेश की हत्या की गई थी। पुलिस ने चंद्रकेश के चचेरे भाई गिरीश की तहरीर पर गांव के ही सगे भाई सुनील और राजीव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, तो परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने अपनी देखरेख में उसके शव का अंतिम संस्कार कराया गया है।
गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव जाफरपुर निवासी गिरीश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका चचेरा भाई चंद्रकेश रविवार की शाम गुन्नौर के साप्ताहिक बाजार से वापस घर आ रहा था। ब्लॉक कार्यालय के पास गांव के ही सगे भाइयों सुनील व राजीव ने उसे रोक लिया और सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी सुनील व राजीव के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मृतक व आरोपी पक्ष के घर पास में ही है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार हैं। घर पर महिला व बच्चे ही हैं। सोमवार को चंद्रकेश के शव का पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंच गया। गुन्नौर प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्रपाल सिंह पूनिया ने पुलिस की देखरेख में शव का अंतिम संस्कार कराया। गांव में किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
संजू की हत्या वाले दिन ही लिया मौत का बदला
12 जुलाई रविवार 2020 को गांव जाफरपुर में मृतक चंद्रकेश व दूसरे पक्ष में विवाद हो गया था। विवाद में चली गोली दूसरे पक्ष के संजय उर्फ संजू को लगी थी। अलीगढ़ ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी। संजू के भाई ने चंद्रकेश, उसके भाई व अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। सभी आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आ गए थे। अब आरोपी पक्ष ने भी संजू की मौत का बदला लेने के लिए वही दिन और तारीख को चुना। संजू के भाई सुनील व राजीव ने रविवार 12 जून 2022 को यानी 23 माह के बाद गुन्नौर में चंद्रकेश की गोली मारकर हत्या कर दी।