संभल। संभल-जोया मार्ग पर गांव ताजपुर के निकट ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक और उसकी दो बहनें घायल हो गईं। मौके पर पहुंची यूपी 112 पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि युवक की मौसेरी बहन को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। सगी बहन का जिला अस्पताल में ही उपचार चल रहा है। वहीं चालक मौके से ट्रैक्टर-ट्राली लेकर फरार हो गया।
असमोली थाना क्षेत्र के गांव मनोटा निवासी शीशपाल का 18 वर्षीय बेटा तरुण इंटरमीडिएट का छात्र था। बुधवार को वह अपनी मौसी के गांव मुजफ्फरपुर गया हुआ था। बताते हैं कि यहां पर कई दिन से उसकी बहन शिवानी रह रही थी। वह शिवानी और अपनी मौसेरी बहन छवि को लेकर घर के लिए चला। शाम के करीब छह बजे समय संभल-जोया मार्ग पर वह ताजपुर के निकट पहुंचा था। यहां पर ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तरुण, उसकी बहन शिवानी और छवि घायल हो गईं। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची यूपी 112 पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया। तरुण को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। तरुण पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। शिवानी इकलौती बहन है।
ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़कर लाने की मांग पर अड़े परिजन
संभल। जिला अस्पताल में मृतक युवक के परिजन ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़कर लाने की मांग पर देर रात तक अड़े रहे। उनका कहना था कि शव को पोस्टमार्टम के लिए तब तक नहीं ले जाने देंगे जब तक पुलिस ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़कर नहीं लाती। वहीं, दूसरी ओर नखासा थाने के उप निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि हादसा किस वाहन से हुआ है, इसकी कोई जानकारी नहीं है। परिजनों को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।