गुन्नौर के गांव सैमला गुन्नौर में कुर्की के दौरान सामान उठाकर रखती पुलिस।
- फोटो : CHANDAUSI
कोतवाली पुलिस ने गांव गुन्नौर सैमला में किशोरी के अपहरण, दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी के घर की कुुर्की की। सामान जब्त कर ग्राम प्रधान की सुपुर्दगी में दे दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सैमला गुन्नौर निवासी प्रेमपाल के खिलाफ 2013 में जनपद बरेली के थाना प्रेमनगर में किशोरी को जबरन ले जाने और दुष्कर्म का मामला पंजीकृत हुआ था। आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा। न्यायालय से कई बार वारंट जारी हुए । फिर भी कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ। लगातार फरार रहने पर न्यायालय की ओर से कुर्की के लिए वारंट जारी किया गया था। नोटिस की सूचना के बाद जनपद बरेली के थाना प्रेमनगर के एसआई अमर सिंह कोतवाली गुन्नौर की पुलिस को साथ लेकर शुक्रवार को गांव पहुंचे और आरोपी प्रेमपाल के घर कुर्की की। घर पर आरोपी की भाभी थी, लेकिन कोई विरोध नहीं कर पाया। पुलिस ने घर से चारा काटने की मशीन, चारपाई, कुछ कपड़े व अन्य सामान जब्त कर ग्राम प्रधान की सुपुर्दगी में दे दिया है। एसआई अमर सिंह ने बताया कि कुर्की में जब्त सामान सूचीबद्ध कर ग्राम प्रधान के सुपुर्द कर दिया है।