संभल। कोरोना की दूसरी लहर के चलते करीब छह माह से बंद चल रहे कक्षा छह से आठवीं के स्कूल मंगलवार से खुल गए। पहले दिन बच्चों की उपस्थित कम रही। हालांकि इन विद्यालय को सोमवार से ही खोलने के लिए आदेश हुए थे, लेकिन पूर्व सीएम कल्याण सिंह के निधन पर राजकीय शोक के कारण विद्यालय एक दिन बाद खुले हैं। पहले दिन भले ही उपस्थिति कम रही हो पर अब जल्द ही स्कूल बच्चों से गुलजार दिखाई देंगे।
संभल जिले के कक्षा छह से आठवीं तक की कक्षाओं के परिषदीय एवं प्राइवेट स्कूल मंगलवार से खुल गए। छात्रों की थर्मल स्क्रीनिंग एवं सैनिटाइज कराने के बाद कक्षाओं में प्रवेश दिया गया। प्राइवेट कॉलेजों में स्कूल प्रबंधकों व प्रधानाचार्य ने बड़े उत्साह से छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। बताते चले कि कोरोना की दूसरी लहर के चलते करीब छह माह बाद कक्षा छह से आठवीं तक के विद्यालय शासन के आदेश के बाद मंगलवार से खोले गए हैं। बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े सरकारी जूनियर स्कूल भी खोले गए। स्कूल खोले जाने के आदेश से सबसे ज्यादा उत्साहित प्राइवेट स्कूल संचालक रहे।