संभल। सिरसी में बुधवार की देर रात गश्त के दौरान पुलिस ने युवक को देर रात खड़े होने की बात कहकर टोका तो मामला बढ़ गया। एक दूसरे के बीच गाली-गलौज हुई। विवाद बढ़ा तो नौबत हाथापाई की आ गई। युवक का आरोप है कि पुलिस ने शराब के नशे में न सिर्फ टोकाटाकी की बल्कि गाली-गालौज भी की। जिसका विरोध किया तो हाथापाई की गई। बाद में पुलिस युवक को चौकी ले गई। जहां समझौता हो गया।
सिरसी के मोहल्ला सादक सराय निवासी एक व्यक्ति के मकान में भोजनालय चलता है। जिस पर उसका छोटा बेटा बैठता है। बुधवार की रात्रि में चौकी की पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान युवक सड़क पर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस कर्मियों ने टोका तो कहासुनी होने लगी और विवाद बढ़ गया है। युवक ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने गाली गलौज की। विरोध किया तो मारपीट की और पुलिस चौकी ले गए। जबकि पुलिस कर्मियों का कहना है कि युवक ने अभद्रता की। जिसके बाद उसको पुलिस चौकी ले गए थे। मामले की सूचना पर हजरतनगर गढ़ी के थाना प्रभारी चंद्रवीर सिंह पुलिस चौकी पहुंच गए और मामले की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस कर्मी व युवक के परिजनों में सहमति बन गई और समझौता हो गया। इसके बाद युवक को छोड़ दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामूली कहासुनी हो गई थी। मामला आपसी सहमति से निबट गया है।