समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने कार्यकर्ताओं से बीजेपी और कांग्रेस की चालों से सावधान रहने की नसीहत दी।
नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के दावों पर कहा कि चुनाव नतीजे आने के बाद पता नहीं चलेगा कि कहां गए नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी। जिन दलों से लोग चुनकर आएंगे, उनकी धुरी सपा के नेता होंगे।
शनिवार को मैनपुरी रैली की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में कांग्रेस और बीजेपी पर करारे प्रहार किए।
सपा महासचिव ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा महज पांच राज्यों तक सीमित हैं। क्षेत्रीय दलों ने अपने-अपने राज्यों में इतनी मजबूत पकड़ बना ली है कि कांग्रेस और भाजपा उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगी। जनता उन दोनों को नकार देगी।
नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए यादव ने कहा कि बीजेपी के पीएम पद के उम्मीदवार हिटलर वाली भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। डेमोक्रेसी में कोई ऐसे नहीं कह सकता है।
भाजपाइयों का दिमाग सातवें आसमान पर है लेकिन चुनाव नतीजे आने के बाद पता नहीं चलेगा कि कहां गए मोदी। मुजफ्फरनगर में बीजेपी ने नकाब डाल कर टोलियां छोड़ रखी हैं।
पिछले दिनों जेडीयू अध्यक्ष शरद यादव दिल्ली की रैली में कह ही चुके हैं कि चारों ओर से मुलायम सिंह को घेरने की कोशिश हो रही है।