सहारनपुर में अंबेहटा में कस्बे के एक युवक की हिमाचल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। वह कारपेंटर था और छह दिन पहले ही घर से काम पर गया था। युवक के शव को गांव में लाकर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
विज्ञापन
मोहल्ला नयाबांस निवासी अजय कुमार (24) पुत्र सूरज पाल हिमाचल के गांव रिगुम्मा थाना कटवा तहसील कोटखई में अपने भाई ब्रजपाल के साथ कारपेंटर का काम करता था। अजय के भाई नीरज कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात उसने अजय से मोबाइल पर बात की तो वह उल्टी-सीधी बातें कर रहा था। जिससे लग रहा था कि वह किसी परेशानी में है।
इसके बाद उसका फोन रिसीव नहीं हुआ। शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे नीरज ने फोन किया तो अंजान व्यक्ति ने फोन उठाया और बताया कि उसे यह फोन लावारिस हालत में पड़ा मिला है। ब्रजपाल से संपर्क किया तो बताया कि अजय एक खाई में पड़ा मिला था, जिसे डॉक्टर के पास लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अजय छह दिन पूर्व ही यहां से काम पर गया था। वह अविवाहित था।