सहारनपुर। मंडी समिति मार्ग पर ओवरलोड ट्रक से लकड़ियां गिरने पर मामा-भांजे गंभीर रूप से घायल हुए। चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कोतवाली मंडी क्षेत्र के मोहल्ला खजूरतला निवासी मोहीन अपने भांजे अब्दुल्ला को साथ लेकर हकीकतनगर स्थित टेलरिंग की दुकान बंद कर स्कूटी से लौट रहे थे। वह जब पीर वाली गली के समक्ष मंडी समिति रोड पर पहुंचे तो ओवरलोड ट्रक से लकड़ियां नीचे आ गिरा। हादसे में मोहीन और उनका भांजा अब्दुल्ला चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मौके से ट्रक कब्जे में लिया, जबकि चालक व परिचालक फरार हो गए। एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि आरोपी चालक व परिचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।