सोमवार की शाम टांडा मिश्री का रक्षित (19) पुत्र विनोद कुमार लड़खड़ाते हुए घर पहुंचा। परिजन जब तक कुछ समझ पाते वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन आनन फानन उसे बिहारीगढ़ निजी चिकित्सक के यहां लाए, जहां से गंभीर होने पर उसे सहारनपुर भेज दिया। इसी बीच रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को घर ले आए।
उधर, इसी गांव की रहने वाली सुजाता (18) पुत्री पूरण सिंह प्राथमिक स्कूल के पीछे बेसुध हालत में पड़ी मिली। परिजन उसे लेकर पहले बिहारीगढ़ आए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सहारनपुर नर्सिंग होम में ले गए। वहां देर रात उसने भी दम तोड़ दिया।
इसके बाद दोनों के परिजनों ने पुलिस को खबर कर हादसे की सूचना दी। पुलिस ने युवक और युवती के शवों को कब्जे में लेकर उनका पोस्टमार्टम कराया।