देवबंद में चार सगी बहनों के साथ मारपीट।
- फोटो : amar ujala
सहारनपुर के देवबंद में मोहल्ला कोहला बस्ती में रंजिश को लेकर पड़ोसी परिवार ने एक घर में घुसकर चार सगी बहनों को मारपीट कर घायल कर दिया। इतना ही नहीं चारों बहनों को सड़क पर डालकर भी उनके साथ मारपीट की गई। पीड़ित लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
चारों बहनों को खींचकर बाहर लाए और फिर मारपीट की
मोहल्ला कोहला बस्ती निवासी नौशाद और यामीन का घर आसपास है। दोनों परिवार दीया बत्ती बनाने का कार्य करते हैं। ग्राहकों को लेकर दोनों परिवारों में रंजिश रहती है। आरोप है कि शनिवार की शाम इसी रंजिश के चलते एक पक्ष के लोग इकट्ठा होकर दूसरे पक्ष के घर में घुस गए और वहां मौजूद चार सगी बहनों सानिया, शिफा, सालेहा और सादकीन के साथ गाली-गलौज करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं आरोपी चारों बहनों को खींचकर बाहर ले आए और सड़क पर गिराकर उनके साथ मारपीट की गई। जिसमें वह घायल हो गईं। इस दौरान वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिन्होंने उन्हें बचाया। बाद में पिता नौशाद घायल बेटियों को लेकर कोतवाली पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने चारों बहनों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
यह भी पढ़ें: यूपी में खोखले दावे और ताबड़तोड़ हत्याएं: कहीं भाजपा नेता तो कहीं राष्ट्रीय खिलाड़ी का मर्डर, देखें चार हत्याओं की दर्दनाक तस्वीरें
नौशाद का आरोप है कि उक्त परिवार दबंग किस्म का है। इससे पहले भी वह उसके परिवार के साथ मारपीट कर चुके हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर मिल गई है। जांच कराई जा रही है। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: तस्वीरें: हंसता हुआ चेहरा और हजारों सपने... पर दरिंदों ने उजाड़ दी दुनिया, मर्डर की दास्तां सुन उड़े हर किसी के होश