सहारनपुर जनपद के गंगोह में पेड़ के सहारे दुकान की छत पर चढ़ते समय करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि युवक जिस दुकान की छत पर चढ़ रहा था, उस दुकान के ऊपर से बिजली लाइन गुजर रही है। बिजली लाइन के संपर्क में आने पर युवक को जोरदार करंट लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
वहीं सूचना मिलने पर गंगोह कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस के अनुसार मरने वाले युवक के पास मिले पहचान पत्र से उसकी पहचान 26 वर्षीय इमरान पुत्र इस्लाम मौला कुआं वाला थाना डोईवाला देहरादून के रूप में हुई है। उसके पास से नशीली गोली भी मिली और दो दिन पहले का बस का टिकट भी मिला है।
पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचना दे दी है। युवक यहां गंगोह में क्यों आया था, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।