मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में पांच साल में कोई दंगा नहीं हुआ। दंगाई बिलों के अंदर घुसे रहे। बहू-बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने का दुस्साहस करने की किसी की हिम्मत नहीं हुई। अब किसी की हिम्मत नहीं कि कांवड़ यात्रा रोक पाए। हमारी सरकार ने जहां एक तरफ विकास किया, वहीं धार्मिक भावनाओं का भी ख्याल रखा। आज मथुरा और वृंदावन में बड़े उत्सव होते हैं। डबल इंजन की सरकार विकास के नए सोपान गढ़ रही है। उन्होंने कहा कि माफिया पर कार्रवाई के लिए दम चाहिए। पिछली सरकार में यह दम नहीं था। अब फैसला जनता को करना है कि दमदार सरकार चाहिए या दुमदार।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सहारनपुर की बेहट विधानसभा क्षेत्र के शाकंभरी देवी की पावन भूमि के नागल माफी में भाजपा प्रत्याशी नरेश सैनी और बड़गांव में देवबंद के प्रत्याशी कुंवर बृजेश सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मां शाकंभरी देवी और श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी को नमन करते हुए कहा, प्रदेश में साढ़े चार साल वर्ष तक जो लोग सरकार की धमक के सामने चुपचाप बिलों के अंदर छुपे थे, चुनाव की घोषणा होते ही एक बार फिर वे बाहर निकल कर इंतजार कर रहे हैं, कि उन्हें जैसे ही अवसर मिलेगा, दंगा, अराजकता फैलाएंगे और बहू-बेटियों की सुरक्षा के लिए खतरा बनेंगे। इन्हें पहले भी ठीक किया था। दस मार्च के बाद फिर से इनकी गर्मी को ठंडा किया जाएगा। पहले चरण के मतदान में जनता जनार्दन ने जिस जोरदार तरीके से भाजपा को आशीर्वाद दिया है, उससे विपक्ष के चेहरे मुरझा गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले सहारनपुर की पहचान खनन माफिया, दंगों और भूमाफिया से होती थी, लेकिन अब यहां की पहचान काष्ठ कला से होती है। हमने जिले को मां शाकंभरी विश्वविद्यालय दिया। देवबंद में आतंकियों को ठोंकने के लिए एटीएस सेंटर बनाया। कांग्रेस, सपा और बसपा देश को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं, माफिया और अपराधियों को हावी करना चाहते हैं, यह हमें स्वीकार नहीं है। सीएम ने कहा कि आप सातों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को जिता कर भेजिए। सुरक्षा और विकास हमारे जिम्मे होगा। एक हाथ से विकास होगा और दूसरे हाथ से बुलडोजर का लीवर चला कर माफिया का सफाया होगा।
बेहट के नागल माफी में भाजपा प्रत्याशी नरेश सैनी ने मुख्यमंत्री को हनुमानजी और जिला उपाध्यक्ष सोनेंद्र राणा ने माता शाकंभरी देवी मंदिर के गर्भ गृह का चित्र भेंट किया। राष्ट्रीय पिछड़ा आयोग के उपाध्यक्ष लोकेश प्रजापति, सहारनपुर जिला प्रभारी डीके शर्मा, विस प्रभारी देवव्रत त्यागी, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, शामली के विधायक तेजेंद्र निर्वाल, पूर्व विधायक महावीर राणा व मामचंद लांबा, जिला महामंत्री वीरेंद्र पुंडीर, साहब सिंह पुंडीर, अभय राणा, अनिल सिंघल, जिला पंचायत सदस्य हंसराज गौतम व मुकेश चौहान, अनुज राणा, मुल्कीराज सैनी, मंडल अध्यक्ष सुभाष सैनी, मंडल अध्यक्ष सुभाष सैनी, विजय सैनी, विजय बहादुर, तेजवीर सिंह, संजीव कर्णवाल, युवा जिला महामंत्री विजेंद्र सैनी, एम आजाद अंसारी, गुरदयाल चौधरी रहे।
यह भी पढ़ें: UP Election 2022 Phase-1 Voting: परिवार संग वोट डालने पहुंचे प्रत्याशी, तस्वीरों में देखें ये बड़े-बड़े चेहरे