सहारनपुर। इस बार यूपी बोर्ड के प्रैक्टिकल और मूल्यांकन साथ साथ चलने की संभावना है। मूल्यांकन के लिए परीक्षकों आदि की तैनाती ऑनलाइन की जा रही है। पांच केंद्रों का प्रस्ताव भी परिषद को भेज दिया गया है। वहीं प्रैक्टिकल को लेकर भी विभाग ने सभी विद्यालयों को तैयारी के निर्देश दिए गए हैं। इसी माह प्रैक्टिकल की तिथियां जारी होने की संभावना जताई जा रही है।
बोर्ड परीक्षाएं 12 अप्रैल को संपन्न हुई हैं। अब कॉपियों के मूल्यांकन की तैयारी चल रही है। इस बार परीक्षकों की तैनाती ऑनलाइन की जा रही है। दो दिन पहले ही जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने मूल्यांकन के लिए पांच केंद्रों का प्रस्ताव माध्यमिक शिक्षा परिषद में भेजा है। 23 अप्रैल तक मूल्यांकन शुरू हो जाने की संभावना जताई जा रही है। उधर, आमतौर पर दसवीं और 12वीं के विद्यार्थियों के बोर्ड परीक्षाओं के तहत होने वाले प्रैक्टिकल परीक्षाओं से पहले हो जाते हैं, लेकिन इस बार परीक्षा से ठीक पहले विधान सभा चुनाव होने की वजह से प्रैक्टिकल नहीं कराए जा सके हैं। ऐसा पहली बार हुआ है कि परीक्षाएं पहले और प्रैक्टिकल बाद में हो रहे हैं। अभी तक प्रैक्टिकल की तिथि जारी नहीं हुई है, लेकिन विभाग और विद्यालयों के स्तर से तैयारी पूरी है। प्रैक्टिकल लैब में संसाधन जुटा लिए गए हैं। परीक्षार्थियों को भी तैयारी करने को कहा गया है, जिससे प्रैक्टिकल में किसी प्रकार की समस्या ना आए। पहली बार परीक्षाएं पहले हुई हैं।
बोर्ड की कॉपियों के मूल्यांकन के लिए पांच केंद्रों का प्रस्ताव परिषद को भेजा जा चुका है। इस बार कॉपियां जांचने के लिए परीक्षकों की तैनाती ऑनलाइन होगी। इसके अलावा प्रैक्टिकल की तिथि भी जल्द जारी हो सकती है। विभाग और विद्यालयों के स्तर से प्रैक्टिकल की तैयारी पूरी है।
रवि दत्त, जिला विद्यालय निरीक्षक।