बेहट। मीरगढ़ गांव के पास हाईवे पर बाइक सवार युवकों की सहारनपुर विकासनगर रूट की प्राइवेट यात्री बस से टक्कर हो गई। हादसे में युवकों की टांगे कुचली गई। घायलों को गंभीर हालत में सीएचसी बेहट से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि हादसे की जिम्मेदार बस मिर्जापुर में पुलिस द्वारा पकड़ ली गई।
हादसा कोतवाली बेहट क्षेत्र में मंगलवार की सुबह करीब सवा नौ बजे हुआ। मीरगढ़ गांव निवासी अब्दुल रहमान (20) पुत्र भूरा व तौकीर (17) पुत्र भूरा बाइक पर बेहट आ रहे थे। जैसे ही वह गांव के संपर्क मार्ग से दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर पहुंचे, तो उनकी बाइक बेहट की तरफ से गई प्राइवेट यात्री बस से टकरा गई। बस की टक्कर लगते ही दोनों बाइक से नीचे सड़क पर जा गिरे और बस के टायर उनकी टांगों को कुचलते हुए निकल गए। हादसे के बाद बस को उसका चालक लेकर भाग निकला, जिसे मिर्जापुर में पुलिस ने पकड़ लिया। राहगीरों के 108 पर कॉल कर घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।