सहारनपुर में जिला कारागार में बंद फर्जी रजिस्ट्री कराकर करोड़ों रुपये की जमीन बेचने के आरोपी की तबीयत खराब हो गई, उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपी दो माह पूर्व ही पुराने मामले में जमानत तुड़वाकर जेल गया था। थाना जनकपुरी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं, बीमारी के चलते एक बुजुर्ग बंदी की मौत हो गई।
नकुड़ के मोहल्ला सुजादपुरा निवासी केपी सिंह (39) पर फर्जीवाड़ा करते हुए करोड़ों की जमीन बेचने का आरोप था। केपी सिंह के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इसके अलावा देहरादून में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज थे। उत्तराखंड पुलिस केपी सिंह की तलाश में उसके ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसके बाद केपी सिंह पुराने मामले में जमानत तुड़वाकर जेल चला गया था।