छुटमलपुर (सहारनपुर)। दो अलग अलग सड़क हादसों में एक सात वर्षीय बच्चे सहित दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने एक हादसे के जिम्मेदार बने गन्ने से भरे ट्रक और कार को कब्जे में लेकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसों के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मचा है।
शनिवार को सुबह के समय हरिद्वार के बुग्गावाला थाने के गांव बुधवा शहीद निवासी राहुल अपने सात वर्षीय भतीजे काकू के साथ बाइक से फतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुजफ्फरपुर में अपने बुआ के बेटे की शादी में जा रहे थे। देहरादून हाईवे पर रसूलपुर कलां के समीप बाइक में कार की टक्कर लगने से दोनों नीचे गिर गए। इससे सात वर्षीय काकू की मौके पर मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहे उसके चाचा राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जबकि कार को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में ले लिया। घायल चाचा को सीएचसी नानौता भेज है। बच्चे की मौत के बाद शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गई।
दूसरा हादसा शनिवार को शाम के वक्त गांव मांडूवाला में पुल पर हुआ। यहां गन्ने से भरे ट्रक की चपेट में आने पर मोटर साइकिल सवार 32 वर्षीय अश्वनी कुमार पुत्र सुमेर चंद निवासी ग्राम नगल बबैल खुर्द थाना बेहट की मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक को मौके पर छोड़ कर भाग खड़ा हुआ। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।